Friday, November 18, 2011

ऐसे बने गामा रुस्तम-ए-हिंद


सुरेन्द्र किशोर
गामा पहलवान को कौन नहीं जानता? पर वह कैसे रुस्तम-ए-हिंद और रुस्तम-ए-बर्तानिया बने थे, यह आज भी कम ही लोगों को मालूम होगा। कला मर्मज्ञ राय कृष्ण दास ने इसका विवरण विस्तार से लिखा है। पहले रुस्तम-ए-हिंद की उपाधि के बारे में। प्रयाग में 1911 में प्रदर्शनी हुई। वहीं राय कृष्ण दास को गामा की कुश्ती देखने का मौका मिला। अमृतसर में 1880 में जन्मे गामा का 22 मई 1963 को लाहौर में निधन हो गया। प्रयाग के दंगल के समय गामा रीवा के महाराज वेंकट रमण सिंह की प्रतिपालकता में थे। महाराज भी उस दंगल में आये थे। उस समय गामा पूरे ओज पर थे। दंगल में कई अन्य नरेश भी आये थे, जिनके अपने-अपने मंच बने थे।
  रीवा नरेश की कुर्सी के नीचे की दरी पर गामा बैठे थे। सिर पर मुड़ासा, तन पर पंजाबी कुर्ता और लुंगी। पांच फिट सात इंच के गामा ऐसे बैठे थे कि शरीर संपत्ति का कोई अनुमान ही नहीं होता था। ऐसा जान पड़ता था कि मानो कोई ऐसा व्यक्ति बैठा है जिसका बदन बना ही नहीं। मुकाबला करीम पहलवान से होना था। कलियुगी भीम प्रो. राममूर्ति उसके पृष्ठपोषक थे। वे उसे लिये हुए ठाट-बाट से रंगभूमि में प्रविष्ट हुए। करीम ने पहले से ही जांघिया चढ़ा रखा था। सारी देह पर सिंदूर पुता था। कदम-कदम पर अकड़-अकड़ कर, छाता एक बार दायीं ओर, फिर बायीं ओर तानता, या अली, या अली गर्जन करता अखाड़े तक पहुंचा। दर्शकों को यह दंभ खल उठा।
 गामा ने महाराज के चरण छुए। मुड़ासा, कुर्ता और लुंगी उतार कर रख दी। थोड़ा सा दूध, जो पहले से तैयार था, पीकर दो चार बैठकें लगाकर एक बार जो देह को फुलाया, तो देखते-देखते मृग शावक, मृग राज में परिणत हो गया। हजारों अपलक आंखें एक संग उस शरीर सौष्ठव का निहारने करने लगीं। विनीत भाव से वे अखाड़े में उतरे और पलक मारते ताल ठोंक कर दोनों मल्ल गुंथ गये। दावं-पेच के करिश्मे होने लगे, जिनमें गामा प्रबल पड़ते जा रहे थे।
  किंतु तभी करीम ने एकाएक अपने शरीर को अखाड़े पर डाल दिया और विकल ध्वनि में हाय मार डाला, हाय मार डाला की धुन लगा दी। उस क्लाइमेक्स की यह परिणति देख सभी को आनंदमिश्रित कौतूहल हुआ। रेफरी के पूछने पर करीम ने कराहते हुए बताया कि गामा ने मेरी पसली तोड़ डाली है। डॉक्टर मौजूद थे।  उन्होंने भली-भांति जांच कर कहा कि पसली टूटने का नामोनिशान तक नहीं है। यह बहाना मात्र है। किंतु लाख कहने पर भी करीम लड़ने को तैयार नहीं हुआ।  तब गामा विजयी घोषित किये गये। उन्हें रुस्तम-ए-हिंद की गदा भेंट की गयी। गदा को उसी विनीत भाव से रीवा के महाराज के चरणों में रखकर गामा पुन: अपने स्थान पर उसी भांति बैठ गये। गामा का नाम 1910 में पूरी दुनिया में फैल चुका था। तब इंग्लैंड में उनकी भिड़ंत जिबस्को नामक पहलवान से हुई थी। जिबस्को ने गामा से लड़ते समय पेट के बल जमीन थाम ली थी। गामा रद्दे पर रद्दे लगाते रहे, उसे चित करने की कोशिश करते रहे, पर वह टस से मस नहीं हुआ। उसका शरीर इतना वजनी था कि गामा उसे उठा नहीं सके। कुश्ती अनिर्णीत रही। कुश्ती के लिए दूसरा दिन तय किया गया। पर जिबस्को नहीं आया। आयोजक उसके यहां दौड़ते-दौड़ते हार गये। वह मुंह छिपाता रहा। इस पर गामा विजयी माने गये। गामा को रुस्तम-ए-बर्तानिया की उपाधि दी गयी। गामा की वजन उठाने की क्षमता पर राय कृष्ण दास ने लिखा है, यह तब की बात है जब गामा दतिया नरेश की छत्रछाया में थे। 1901-02 में भयंकर प्लेग की बीमारी आयी, तब मैथिलीशरण गुप्त का परिवार चिरगांव से भाग कर दतिया चला गया था। उनके संग लोहे की एक भारी तिजोरी थी, जिनमें उनका सारा माल था। मैथिलीशरण जी की पहली ससुराल दतिया में थी। गामा का मैथिलीशरण जी की ससुराल वाले परिवार में आना-जाना था। जिस तिजोरी को दसियों लोगों ने मिलकर किसी तरह बैलगाड़ी पर चिरगांव में चढ़ाया था, उसे गामा और उनके भाई ने इस तरह खिलवाड़ में बैलगाड़ी से उतार कर ठिकाने रख दिया, मानो वह तिजोरी नहीं, दफ्ती की बनी पोली पेटी हो। इससे पता चलता है कि जिबस्को कितना वजनी पहलवान था।
 प्रयाग में मूक चलचित्र प्रदर्शनी  हुई। उसमें गामा-जिबस्को कुश्ती का समूचा दृश्य था। गामा साधारण पहनावे में थे। ऊनी ड्रेसिंग गाउन पहने उन्होंने रंगभूमि में प्रवेश किया था। उन्होंने जिबस्को से हाथ मिलाया। तब से लेकर तब तक के दृश्य दिखाये गये, जब अचल-कूर्म बने जिबस्को को टस से मस करने के भीष्म प्रयत्न में गामा विफल रहे। गामा और गुलाम दो अलग-अलग पहलवान थे। कुछ लेखक दोनों के बीच घालमेल कर देते हैं। गुलाम का देहांत 20 वीं सदी के प्रारंभ में ही हो गया था, जब गामा पट्ठे ही थे। पंडित मोतीलाल जी 1899 में पेरिस प्रदर्शनी में गुलाम पहलवान को साथ ले गये थे।
                                                     - लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।

No comments:

Post a Comment